देश में लोगों के बीच संवाद का माध्यम हिन्दी : उप मुख्यमंत्री

मुंगेर : उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद मुंगेर ने मुंगेर में आयोजित हिंदी दिवस समारोह का उद्घाटन करते हुए कहा कि हिंदी के व्यापक प्रचार-प्रसार में सामाजिक एवं साहित्यिक संस्थाओं की बड़ी भूमिका है, हिंदी जन-जन की भाषा है| उन्होंने कहा कि देश में तकरीबन 70 करोड़ से अधिक लोग हिंदी भाषा बोलते एवं जानते हैं, भारत के बाहर भी कई देशों में हिंदी को बोलने एवं समझने वाले लोग हैं| उन्होंने कहा कि भारत में लोगों के बीच संवाद का सबसे बेहतर माध्यम हिन्दी है, इसलिये इसको एक-दूसरे के साथ अधिक-से- अधिक प्रचारित करना चाहिये|उप मुख्यमंत्री ने हिंदी दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिन्दी विश्व में सामान्यत: दूसरी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है|उन्होंने कहा कि 14 सितंबर 1949 को हिंदी राजभाषा के रूप में घोषित हुई थी, हिंदी के व्यापक प्रचार प्रसार के उद्देश्य से 1953 से लगातार 14 सितंबर को हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाता है|उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के कामकाज में हिंदी का प्रयोग व्यापक रूप से होता रहा है, परंतु इस दिशा में राज्य के राजभाषा विभाग को और भी व्यापक कदम उठाने की जरूरत है|इस अवसर पर विधायक प्रणव कुमार, विधायक अजय कुमार सिंह, जिला पदाधिकारी नवीन कुमार, जिला वन पदाधिकारी गौरव ओझा, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता सहित जिला प्रशासन मुंगेर के अन्य पदाधिकारीगण के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश जैन, सौरभ कुमार एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं शिक्षकगण उपस्थित थे|

0Shares