मुख्यमंत्री ने किया वाल्मीकिनगर गंडक बराज का निरीक्षण

पश्चिम चम्पारण/पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गंडक नदी पर बने पिपरा-पिपरासी तटबंध का हवाई सर्वेक्षण किया,यह तटबंध उत्तर प्रदेश एवं बिहार की सीमा पर निर्मित है|मुख्यमंत्री ने पीपरा-पिपरासी तटबंध के 32.38 किलोमीटर से 32.56 किलोमीटर के बीच क्षतिग्रस्त बोल्डर स्टड संरचनाओं के पुनर्स्थापन कार्य एवं बगहा शहर सुरक्षात्मक कार्य का भी हवाई सर्वेक्षण किया|उन्होंने गंडक बराज, वाल्मीकिनगर, पश्चिम चम्पारण का निरीक्षण किया,निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने बराज संचालन से संबंधित विस्तृत जानकारी उपस्थित वरीय अधिकारियों से ली|गंडक बराज के 1 से लेकर 18 फाटकों का गहन निरीक्षण किया तथा फाटकों के संचालन से संबंधित जानकारी ली,मुख्यमंत्री ने बराज के निरीक्षण के पश्चात गंडक बराज के कंट्रोल रूम का भी जायजा लिया, तथा गंडक बराज से विगत दिनों डिस्चार्ज किए गए पानी की जानकारी ली|कंट्रोल रूम परिसर में स्थानीय स्तर पर निर्मित पेवर ब्लॉक की लगायी गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया,उच्च गुणवत्तापूर्ण पेवर ब्लॉक की मुख्यमंत्री ने सराहना की तथा वहां उपस्थित कामगारों की हौसलाफजायी की|उन्होंने पेवर ब्लॉक का निर्माण करने वाले कामगारों से बातचीत के क्रम में कहा कि राज्य सरकार द्वारा लॉकडाउन के दौरान वापस लौटे व्यक्तियों को उनके घर के पास ही रोजगार मुहैया कराने हेतु हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं,जिससे उन्हें किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े,साथ ही उनका जीविकोपार्जन भी हो सके|जिलाधिकारी पश्चिम चम्पारण कुंदन कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि लॉकडाउन के दौरान वापस लौटे कामगारों, श्रमिकों को उनके हुनर के अनुसार रोजगार मुहैया कराया जा रहा है, कई श्रमिकों को स्वरोजगार मुहैया कराकर उन्हें उद्यमी बनाया गया है,साथ ही वापस लौटे श्रमिक एवं कामगारों को रोजगार उपलब्ध कराने का कार्य युद्धस्तर पर लगातार जारी है|निरीक्षण के दौरान विधायक वाल्मीकिनगर धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू सिंह,विधान पार्षद भीष्म सहनी, जदयू जिलाध्यक्ष-सह-पूर्व सांसद कैलाश बैठा,मुख्य सचिव दीपक कुमार,मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार,जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव हंस,आयुक्त तिरहुत प्रमंडल पंकज कुमार,पुलिस अधीक्षक बगहा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे|

0Shares