पक्षियों को सुरक्षित रखने का लें संकल्प : मुख्यमंत्री

जमुई : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जमुई जिले के नागी-नकटी पक्षी आश्रयनी में प्रथम राज्य पक्षी महोत्सव ‘कलरव’ का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया|पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा 15 से 17 जनवरी तक चलने वाले इस प्रथम राज्य पक्षी महोत्सव के अवसर पर आयोजित जनसभा में पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को पौधा एवं अंगवस्त्र भेंटकर उनका स्वागत किया|कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नागी-नकटी पक्षी अभ्यारण्य के काॅफी टेबल बुक का विमोचन किया,उद्घाटन के मौके पर लोक गायिका सुश्री मैथिली ठाकुर ने लोक गीत की प्रस्तुति दी|जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य पक्षी महोत्सव के पहली बार आयोजन के लिये वन एवं पर्यावरण विभाग को बधाई देते हुए कहा कि मुझे यहां आकर काफी ख़ुशी हुई है|पर्यावरण के दृष्टिकोण से यह काफी सुन्दर और महत्वपूर्ण जगह है,नागी-नकटी पक्षी आश्रयणी में बड़ी संख्या में पक्षी का निवास होता है,सर्दियों के मौसम में विदेशों से काफी तादाद में पक्षी आते हैं|राज्य पक्षी महोत्सव का आयोजन पहली बार हुआ है,कुछ दिनों पहले सचिवालय परिसर स्थित तालाब के परिभ्रमण के दौरान बड़ी संख्या में पक्षी को देखने का मौका मिला था, नागी-नकटी पक्षी आश्रयणी काफी महत्वपूर्ण जगह है|महाराष्ट्र सहित देश के अलग-अलग जगहों से पक्षी विशेषज्ञ यहां आये हुये हैं, जो पक्षियों के विषय में लोगों को विस्तारपूर्वक जानकारी दे रहे हैं|नई पीढ़ी से आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की जरूरत है, जल-जीवन-हरियाली अभियान के माध्यम से वृक्षारोपण का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है|जल का संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिये वर्ष 2019 से जल-जीवन-हरियाली अभियान की शुरुआत की गई है,इस अभियान के कारण जल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में काफी जागृति आई है|मुख्यमंत्री ने कहा कि जल और हरियाली है तभी जीवन सुरक्षित है,वह चाहे मनुष्य का जीवन हो या पशु-पक्षी का,हरियाली को और अधिक बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है|इस तरह के आयोजन से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही पर्यावरण के प्रति नई पीढ़ी में जागृति आयेगी|जनसभा में उपस्थित लोगों से आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप इस पक्षी महोत्सव में शामिल हुए हैं,यहां जगह-जगह घूमकर तरह-तरह के पक्षियों को देखिये और पक्षियों को सुरक्षित रखने का संकल्प लीजिये|उन्होंने कहा कि यहां के पर्वतों को देखकर मुझे काफी खुशी हुई है,यहां के पहाड़ 2 करोड़ से लेकर 10 करोड़ साल तक पुराने हैं इसलिये यह पौराणिक और ऐतिहासिक जगह है,नई पीढ़ी को इसके बारे में जानना चाहिये|मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम का आयोजन हर वर्ष होना चाहिये जिससे लोग प्रेरित हो सकें, उन्होंने कहा कि हम अचानक फिर कभी यहां आकर इन चीजों को देखेंगे,यहां काफी संख्या में प्रवासी पक्षी आई हुई हैं|पत्रकारों से बातचीत के क्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन दिवसीय पक्षी महोत्सव को लेकर पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा विस्तृत रूप से इंतजाम किया गया है|विभिन्न हिस्सों से पक्षी विशेषज्ञों की टीम यहां पहुंची है, जो लोगों को पक्षियों के विषय में गाइड कर रही है|जनसभा को उप मुख्यमंत्री सह पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री तारकिशोर प्रसाद, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह ने भी संबोधित किया|इस अवसर पर विधायक दामोदर राउत, विधायक प्रफुल्ल कुमार मांझी, विधायक मेवालाल चौधरी, आयुक्त मुंगेर प्रमंडल श्रीमती वंदना किन्नी, मुख्य वन प्रतिपालक प्रभात कुमार गुप्ता, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, डीआईजी शफीउल हक,जिलाधिकारी जमुई अवनीश कुमार सिंह, पुलिस अधिक्षक प्रमोद कुमार मंडल, मुख्य वन संरक्षक सुरेन्द्र सिंह, वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यजीत कुमार, बाॅॅम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसायटी के प्रतिनिधिगण, पक्षी विशेषज्ञ सहित गणमान्य व्यक्ति एवं आमजन उपस्थित थे|

0Shares